पेड़ों में धागा बांधने से नहीं, पेड़ बचाने से बढ़ेगी आयु : सरोज कुमार

खोदावंदपुर/बेगूसराय। ऑक्सीजन बचाओ हरित यात्रा कैंपेन के निर्देशक सरोज कुमार ने कहा कि ईश्वर ने मानव को पूरी धरती उपहार स्वरूप दी है. इसी धरती पर लोग रहते हैं, खेती करते हैं और अपना जीवन यापन करते हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने में पीछे रह जाते हैं. उन्होंने कहा कि प्रकृति ने मनुष्य को हवा, पानी और भोजन जैसी अनमोल चीजें नि:शुल्क दी हैं. ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व बनता है कि वह पृथ्वी को कुछ लौटाए. इसके लिए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाना जरूरी है. सरोज कुमार ने कहा कि सनातन संस्कृति में महिलाएं वर्ष में एक-दो बार वृक्षों में धागा बांधकर पूजा करती हैं, लेकिन केवल धागा बांध देने से परिवार की आयु लंबी नहीं होगी. यदि पेड़ सुरक्षित रहेंगे और पर्यावरण संतुलित रहेगा, तभी लोगों की आयु बढ़ेगी और आने वाली पीढ़ियां स्वस्थ जीवन जी सकेंगी. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान समय में मौसम चक्र पूरी तरह प्रभावित हो चुका है. बारिश कम हो रही है, ठंड घट गई है और गर्मी लगातार बढ़ रही है. लोग जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं. उन्होंने कहा कि मानव समाज को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना होगा और अधिक से अधिक पौधरोपण कर धरती को हरा-भरा बनाना होगा.