मेघौल गांव के सहनी टोला तक सड़क निर्माण के लिए होगा जमीन अधिग्रहण

खोदावंदपुर/बेगूसराय। बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच-55 से सड़क विहीन मेघौल पंचायत के वार्ड 14 स्थित पुनर्वासित सहनी टोला तक पक्की सड़क निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जायेगा. प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए आवश्यक जमीन संबंधित भू-स्वामियों से अधिग्रहित की जायेगी तथा नियमानुसार उन्हें मुआवजा भी दिया जायेगा.इस संबंध में अंचल अधिकारी प्रीति कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जमीन मालिकों को अपनी जमीन की अद्यतन रसीद एवं अन्य आवश्यक कागजात अंचल कार्यालय में जमा करना होगा. उन्होंने कहा कि जिन भू-स्वामियों द्वारा निर्धारित समय तक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाएंगे, उनकी जमीन को सरकारी भूमि मानते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी तथा उन्हें मुआवजा का लाभ नहीं मिल पायेगा. सीओ ने बताया कि प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए चिह्नित भूमि के मालिकों को नोटिस भेजा जा रहा है. नोटिस में संबंधित दस्तावेजों के साथ आगामी 20 मई को अंचल कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क से मेघौल के पुनर्वासित सहनी मुहल्ला तक आने-जाने के लिए अब तक कोई सड़क उपलब्ध नहीं है. ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली है. सड़क निर्माण विभाग द्वारा लगभग 400 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जायेगा.