खोदावन्दपुर/बेगूसराय। छौड़ाही थाना क्षेत्र के नारायणपीपड़ पंचायत स्थित कावर झील बहियार में रविवार की सुबह एक अधेड़ किसान का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वार्ड 14 निवासी वासुदेव यादव के रूप में हुई है। शव पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे जख्म पाए गए हैं। परिजनों के अनुसार वासुदेव यादव शनिवार की सुबह पशुओं के लिए चारा काटने बहियार गए थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका। रविवार की सुबह ग्रामीणों ने चानन कुआं के समीप झाड़ियों में उनका शव पड़ा देखा, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतक की पत्नी लालपरी देवी ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति को पहले से जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। सूचना मिलने पर छौड़ाही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। बाद में मंझौल डीएसपी नवीन कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार तथा फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है।डीएसपी ने बताया कि मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। तकनीकी अनुसंधान और फॉरेंसिक जांच के आधार पर जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल बना हुआ है।