मलमल्ला गांव से एक साथ तीन बालक गायब, परिजन परेशान

खोदावंदपुर,बेगूसराय। मेघौल पंचायत के मलमल्ला गांव से एक साथ तीन बालकों के गायब होने का मामला सामने आया है. तीनों बालक 13 मई से लापता हैं, जिससे उनके परिजन काफी परेशान हैं. घटना की सूचना परिजनों द्वारा खोदावंदपुर पुलिस को दे दी गयी है. इस संबंध में थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि गायब हुए बच्चों में मलमल्ला गांव निवासी नितेश पासवान का 11 वर्षीय पुत्र अनिकेत कुमार, संतोष कुमार का 14 वर्षीय पुत्र सोनल कुमार तथा पप्पू पासवान का 10 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार शामिल हैं. परिजनों के अनुसार तीनों बालक बुधवार को एक साथ घर से कोचिंग जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे. काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा बच्चों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. वहीं परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले तो मोबाइल नंबर- 8789066080 पर सूचना दें.