खोदावंदपुर,बेगूसराय। उच्च विद्यालयों में पदस्थापित संगीत शिक्षक अब अपने विद्यालय के साथ-साथ पोषक क्षेत्र के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के बच्चों को भी संगीत की व्यावहारिक शिक्षा देंगे. प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में संगीत शिक्षक नहीं रहने के कारण शिक्षा विभाग ने यह महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा बेगूसराय के पत्रांक- क्यू ई/1174, दिनांक 16 मई 2026 के आलोक में यह आदेश जारी किया गया है. जारी निर्देश में कहा गया है कि बिहार सरकार द्वारा सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में वाद्य यंत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं, लेकिन संगीत शिक्षकों की बहाली नहीं होने के कारण इनका उपयोग नहीं हो पा रहा है. इससे बच्चे संगीत शिक्षा से वंचित रह जा रहे हैं. अब उच्च विद्यालयों में कार्यरत संगीत शिक्षक सप्ताह में दो दिन निर्धारित रूटीन के अनुसार अपने पोषक क्षेत्र के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में जाकर बच्चों को वाद्य यंत्रों के माध्यम से संगीत की व्यावहारिक जानकारी देंगे. शिक्षा विभाग ने इस निर्देश के पालन की जिम्मेदारी विद्यालय प्रधान एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) को भी सौंपी है. श्री दुर्गा प्लस टू विद्यालय मेघौल के संगीत शिक्षक घनश्याम कुमार ने शिक्षा विभाग के इस निर्णय को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में संगीत प्रतिभा विकसित होगी और विद्यालयों में उपलब्ध वाद्य यंत्रों का समुचित उपयोग भी हो सकेगा.