खोदावंदपुर,बेगूसराय। तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पर पैदल चल रहे एक व्यक्ति को ठोकर मारने के बाद खड़ी ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में पैदल जा रहे अधेड़ समेत बाइक सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घायलों की पहचान खोदावंदपुर पंचायत के मुसहरी गांव निवासी 60 वर्षीय कैलाश महतो तथा उसी गांव के जगदीश साह के 35 वर्षीय पुत्र निर्दोष कुमार के रूप में की गई है. यह सड़क हादसा शनिवार की रात बेगूसराय- रोसड़ा मुख्य पथ एस एच-55 पर खोदावंदपुर पोखर के समीप हुआ. स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल खोदावंदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निर्दोष कुमार बाइक से रोसड़ा से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान उसने पैदल जा रहे कैलाश महतो को ठोकर मार दी और संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जा टकराया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है.