खोदावंदपुर,बेगूसराय। मेघौल गांव में मुख्य पथ से सड़क विहीन सहनी मुहल्ला तक रास्ता निर्माण करवाने के लिए जमीन मालिकों को अंचल कार्यालय द्वारा नोटिस भेजी गई है. प्रस्तावित रास्ता निर्माण के लिए रास्ता के क्षेत्र में पड़ने वाली जमीन मालिकों को नोटिस भेजी गई है. जमीन मालिकों को जमीन की अद्यतन रशीद एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ आगामी 20 मई को अंचल कार्यालय बुलाया गया है. इसकी जानकारी अंचल अधिकारी प्रीति कुमारी ने दी. उन्होंने बताया कि बेगूसराय- रोसड़ा एस एच 55 के बगल से सड़क विहीन मेघौल पंचायत के वार्ड नं 14 के पुनर्वासित सहनी मुहल्ला तक 400 मीटर की लंबाई में 5 मीटर चौड़ी पक्की सड़क बनाई जाएगी. सीओ ने बताया कि प्रस्तावित रास्ता निर्माण के लिए जरूरी जमीन का अधिग्रहण जमीन मालिकों से किया जाएगा. अधिग्रहण किए जाने वाली जमीन का मुआवजा संबंधित जमीन मालिकों को दिया जाएगा. इसके लिए जमीन मालिकों को अपनी जमीन की रशीद और जमीन से जुड़ी अन्य जरूरी दस्तावेज अंचल कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है. अंचल अधिकारी ने बताया कि जमीन का कागजात प्रस्तुत नहीं करने वाले जमीन मालिकों को मुआवजा नहीं मिलेगा और ऐसी जमीन को सरकारी जमीन मानकर उसका अधिग्रहण स्थानीय प्रशासन द्वारा कर लिया जाएगा.