खोदावन्दपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर पंचायत सरकार भवन में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने ग्राम कचहरी के कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार ने ग्राम कचहरी को सशक्त बनाया है, जिससे घरेलू विवादों के साथ-साथ संपत्ति विवादों का भी त्वरित गति से निपटारा संभव हो सकेगा. डीएम ने कहा कि ग्राम कचहरी के मजबूत होने से ग्रामीणों को बिना खर्च के न्याय मिलेगा तथा उन्हें अदालतों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. उन्होंने सरपंच, ग्राम कचहरी सचिव एवं न्याय मित्रों को निर्देश देते हुए कहा कि संपत्ति बंटवारे में भाइयों के साथ बहनों के हिस्से को भी सुनिश्चित किया जाए. यदि कोई बहन अपने पिता की संपत्ति में हिस्सा नहीं लेना चाहती है तो उसे लिखित रूप से इसकी जानकारी देनी होगी. कार्यक्रम के दौरान खोदावंदपुर ग्राम कचहरी में लंबित एक संपत्ति विवाद का निपटारा भी जिलाधिकारी की मौजूदगी में दोनों पक्षों की आपसी सहमति से किया गया. इससे पूर्व खोदावन्दपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राम पदार्थ महतो के द्वारा आगत अतिथियों को मिथिला परंपरा के अनुसार पाग, माला, चादर व बुकें भेंटकर स्वागत किया गया. इस मौके पर प्रखंड प्रमुख संजू देवी, बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा, सीओ प्रीति कुमारी, बीपीआरओ संदीप कुमार, नोडल अधिकारी सह तेघड़ा बीपीआरओ संगीता कुमारी, मेघौल पंचायत के मुखिया पुरुषोत्तम सिंह, सागी पंचायत के मुखिया इरशाद आलम, फफौत पंचायत के मुखिया उषा देवी, मुखिया शोभा देवी, सरपंच नवीन प्रसाद यादव, दिलदार हुसैन, संजू कुमारी समेत प्रखंड क्षेत्र के मुखिया, पंचायत सचिव, सरपंच, ग्राम कचहरी सचिव, न्याय मित्र, राजस्व कर्मचारी, आवास सहायक, पंचायत रोजगार सेवक, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार सहित अन्य मौजूद थे.