खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र से अपहृत एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. इस मामले में नामजद आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर किशोरी को बरामद कर लिया. इसकी जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि फफौत पंचायत के एक गांव से 7 मई को गायब हुई नाबालिग लड़की के मामले में परिजनों ने 9 मई को खोदावंदपुर थाना में कांड संख्या- 46/026 दर्ज कराया था. दर्ज प्राथमिकी में बाड़ा पंचायत के मिर्जापुर गांव के वार्ड 8 निवासी सीताराम ठाकुर के पुत्र साजन कुमार समेत उसके भाई राजन कुमार, पिता सीताराम ठाकुर, मां राधा देवी एवं बहन प्रीति कुमारी को नामजद अभियुक्त बनाया गया था. मिली जानकारी के अनुसार खोदावन्दपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर किशोरी को बरामद किया गया. बुधवार को पुलिस अभिरक्षा में पुअनि अंजली भारद्वाज एवं अख्तर हुसैन द्वारा किशोरी को चिकित्सीय जांच और न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए ले जाया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार किशोरी अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक और युवती अलग-अलग जाति से संबंध रखते हैं. बताया जाता है कि इससे पूर्व मार्च महीने में भी किशोरी घर से चली गई थी, जिसे बाद में पटना से उसके परिजनों ने बरामद किया था. घटना की पुनरावृत्ति के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हलांकि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच पड़ताल कर रही है.