खोदावंदपुर/बेगूसराय। छौड़ाही थाना क्षेत्र के नारायणपीपड़ पंचायत अंतर्गत बड़ी जाना गांव में खेत में गोबर रखने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. मामले में एक परिवार ने गांव के ही एक व्यक्ति पर घर में घुसकर मारपीट करने, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने, पुत्रवधु को अर्धनग्न करने, आभूषण गायब कर देने तथा वृद्ध महिला को डायन कहकर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़ित परिवार ने छौड़ाही थाना में आवेदन देकर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है. घटना को लेकर गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों के बीच पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. वहीं पीड़ित परिवार भय और दहशत के माहौल में जीने को मजबूर बताया जा रहा है.
सुबह खेत में गोबर देखने के बाद शुरू हुआ विवाद-
पीड़ित बड़ी जाना गांव निवासी मुसहरु यादव ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि सोमवार की सुबह लगभग पांच बजे वह शौच के लिए घर से निकले थे. घर से लगभग 50 मीटर दूरी पर प्राथमिक विद्यालय जाना योगीडीह के निकट स्थित अपने खेत में गोबर रखा हुआ देखा. आवेदन के अनुसार जब उन्होंने यह जानना चाहा कि खेत में गोबर किसने रखा है, तब गांव के ही राम कुमार यादव ने कहा कि गोबर उसी ने रखा है. इस पर मुसहरु यादव ने केवल इतना कहा कि किसी के खेत में गोबर रखने से पहले कम से कम पूछ लेना चाहिए था. पीड़ित का आरोप है कि इतनी बात सुनते ही आरोपी आगबबूला हो गया और अश्लील एवं भद्दी गालियां देने लगा. आवेदन में उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया.
जान बचाकर भागे पीड़ित, पीछा करते घर पहुंचा आरोपी-
मुसहरु यादव ने आरोप लगाया है कि गाली-गलौज के बाद आरोपी अचानक मारपीट करने पर उतारू हो गया और उन पर हमला कर दिया. स्थिति बिगड़ती देख वह जान बचाकर हल्ला करते हुए अपने घर की ओर भागे, लेकिन आरोप है कि आरोपी राम कुमार यादव पीछा करते हुए सीधे उनके घर में घुस गया. वहां पहुंचते ही उसने लात-मुक्का एवं थप्पड़ से उनकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. अचानक हुई घटना से परिवार के लोग घबरा गए और घर में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई.
बीच-बचाव करने पहुंची पुत्रवधु के साथ अभद्रता-
घटना के दौरान जब मुसहरु यादव की पुत्रवधु पिंकी कुमारी बीच- बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उसके साथ भी कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया. आवेदन में कहा गया है कि आरोपी ने महिला के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया. परिवार का आरोप है कि आरोपी ने जबरदस्ती उसके कपड़े खींच दिए, जिससे वह अर्धनग्न हो गयी. इस घटना के बाद घर की महिलाएं चीखने-चिल्लाने लगीं.
वृद्ध महिला को डायन कहकर किया अपमानित-
घटना के दौरान आरोपी ने मुसहरू यादव की पत्नी राधा देवी, उम्र लगभग 65 वर्ष के साथ भी कथित रूप से मारपीट की. पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी लगातार उन्हें डायन कहकर अपमानित कर रहा था. इस तरह की बातों से वृद्ध महिला काफी सहम गयीं. परिवार ने इसे सामाजिक रूप से अपमानित करने एवं प्रताड़ित करने का प्रयास बताया है.
ग्रामीणों के अनुसार आज भी कई गांवों में महिलाओं को डायन बताकर प्रताड़ित करने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, हालांकि बिहार में इसे रोकने के लिए विशेष कानून भी लागू है. ऐसे में इस तरह के आरोप को गांव में गंभीरता से देखा जा रहा है.
पूरे परिवार को जिंदा जलाने की दी धमकी-
घटना के दौरान जब शोर-शराबा सुनकर मुसहरु यादव के पुत्र कृष्ण मोहन कुमार एवं आसपास के ग्रामीण जुटने लगे, तब आरोपी वहां से निकलने लगा, लेकिन जाते-जाते आरोपी ने पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी ने कहा कि वह घर में आग लगाकर पूरे परिवार को जिंदा जला देगा. इस धमकी के बाद परिवार के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. इधर मारपीट की घटना के बाद घायल मुसहरु यादव को परिजनों द्वारा इलाज के लिए छौड़ाही सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक्स-रे कराने की सलाह दी. परिवार के लोगों का कहना है कि घटना में उन्हें काफी चोटें आई हैं. वहीं घर की महिलाएं भी मानसिक रूप से काफी डरी हुई हैं.
इधर छौड़ाही थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार का कहना का है कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है. जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.