दवा दुकानदारों की हड़ताल से मरीज परेशान, पूरे दिन बंद रहीं मेडिकल दुकानें

खोदावंदपुर,बेगूसराय। बुधवार को प्रखंड क्षेत्र की सभी दवा दुकानों में ताला लटका रहा. मेडिकल दुकानों के बंद रहने से मरीजों एवं उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. जरूरी दवाओं के लिए लोगों को इधर-उधर भटकते देखा गया. जानकारी के अनुसार ऑनलाइन दवा मंगाने पर रोक लगाने, डुप्लीकेट दवाओं की बिक्री बंद कराने समेत अन्य मांगों को लेकर दवा दुकानदारों ने बुधवार को एक दिवसीय हड़ताल किया. हड़ताल के कारण प्रखंड क्षेत्र में दिनभर अधिकांश मेडिकल दुकानें बंद रहीं. इससे खासकर गंभीर मरीजों और नियमित दवा लेने वाले लोगों को काफी कठिनाई हुई. कई मरीजों के परिजन जरूरी दवा की तलाश में दूसरे बाजारों का रुख करते नजर आए. दवा दुकानदारों का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री और नकली दवाओं के कारोबार से स्थानीय दवा व्यवसाय प्रभावित हो रहा है तथा मरीजों के स्वास्थ्य पर भी खतरा बढ़ रहा है. इसी को लेकर उन्होंने सरकार से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है.