खोदावंदपुर,बेगूसराय। चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं नेशनल आयुर्वेद स्टूडेंट एवं यूथ एसोसिएशन के प्रदेश सचिव डॉ एस कुमार ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात कर स्वास्थ्य विभाग और आयुष चिकित्सा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को उनके समक्ष रखा. डॉ एस कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री से स्वास्थ्य विभाग के विज्ञापन- 5/2025 में दूसरी मेरिट लिस्ट जारी करने की मांग की. साथ ही उन्होंने बिहार में बंद पड़े आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज दरभंगा, भागलपुर और बक्सर को पुनः चालू कराने का आग्रह किया. उन्होंने बेगूसराय जिले में आयुष यूनिवर्सिटी के निर्माण की भी मांग उठाई. डॉ कुमार ने कहा कि बेगूसराय में आधुनिक तकनीक से लैस शैलेश आयुर्वेद कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण हो चुका है, लेकिन अब भी वहां कई एकड़ जमीन खाली पड़ी हुई है, जहां आयुष यूनिवर्सिटी स्थापित की जा सकती है. डॉ कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री को क्षेत्र की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में देशी चिकित्सा पद्धति को मजबूत करने की जरूरत है. इस पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए सरकार सकारात्मक पहल करेगी. डॉ एस कुमार की इस पहल की बिहार के आयुष चिकित्सकों ने सराहना की है, साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि स्वास्थ्य विभाग के विज्ञापन- 5/2025 में दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जा सकती है. इस मौके पर डॉ पंकज नारायण सिन्हा भी मौजूद थे.