खोदावंदपुर में झाड़ी में मिली एक युवक की सड़ी-गली शव

खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर प्रखंड मुख्यालय के समीप एक नवनिर्मित भवन के पीछे मंगलवार की दोपहर एक युवक की सड़ी-गली शव लावारिस हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई.
बताया जाता है कि नवनिर्मित मकान के मालिक को भवन के पीछे से तेज दुर्गंध आ रही थी, जब उन्होंने इसकी जांच की तो झाड़ी में एक सड़ी-गली शव पड़ी मिली.इसके बाद इसकी सूचना खोदावंदपुर पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे मंझौल एसडीपीओ नवीन कुमार, पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष अख्तर हुसैन, एसआई अंजली भारद्वाज, एएसआई प्रवीण कुमार एवं विवेककांत शेखर ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया. मृतक के जेब से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. मोबाइल के आधार पर संपर्क करने पर खोदावंदपुर पहुंची एक महिला ने मृतक के कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान अपने देवर एवं चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव के वार्ड तीन निवासी स्वर्गीय घासी साह के 30 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार साह के रूप में की गयी है. स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक खोदावंदपुर प्रखंड मुख्यालय में ही रहकर घूम-घूमकर हलवाई का कार्य करता था. घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है. लोगों का अनुमान है कि युवक की मौत करीब एक सप्ताह पूर्व हुई होगी. कुछ लोग इसे हत्या की घटना बता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि युवक रात में सोने के दौरान नवनिर्मित मकान की छत से नीचे गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई.
इस संबंध में एसडीपीओ नवीन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत दुर्घटना में हुई है या उसकी हत्या कर शव को झाड़ी में फेंक दिया गया था.अपने चार भाईयों व एक बहन में तीसरे स्थान पर था राजीव-
मृतक राजीव अपने चार भाईयों व एक बहनों में तीसरे स्थान पर था. उसके असामयिक मृत्यु हो जाने से बड़ा भाई पारो साह, मंझला भाई अमरनाथ साह, छोटा भाई पप्पू साह व बहन निर्मला देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है. परिजनों ने बताया कि राजीव शनिवार को खोदावन्दपुर जाने की बात कहकर अपने घर से निकला था और स्थानीय लोग भी शनिवार की रात से राजीव के लापता हो जाने की बात बता रहे हैं. मंगलवार की दोपहर अचानक एक शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. इस घटना को लेकर क्षेत्र के चौक चौराहों पर तरह तरह की चर्चाएं हो रही है. तथा मृतक के परिजनों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.