युवक की संदिग्ध मौत मामले में अब तक नहीं दर्ज हुई प्राथमिकी

खोदावंदपुर,बेगूसराय। प्रखंड मुख्यालय के समीप एक नवनिर्मित मकान के पीछे 19 मई की दोपहर मिली युवक की सड़ी-गली शव के मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है. परिजनों की ओर से आवेदन नहीं दिए जाने के कारण पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है. इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष अख्तर हुसैन ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद ही एफआईआर दर्ज की जाएगी. ज्ञात हो कि लावारिस हालत में बरामद शव की पहचान चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव निवासी स्वर्गीय घासी साह के 30 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार के रूप में की गई थी. युवक की संदिग्ध मौत को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है. स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि युवक की हत्या की गई है या उसकी मौत किसी अन्य कारण से हुई है. हालांकि इस रहस्य से पर्दा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उठ सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.