खोदावंदपुर सीएचसी में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने की मांग

खोदावंदपुर/बेगूसराय। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावन्दपुर में रिक्त पदों के अनुसार चिकित्सकों की नियुक्ति किए जाने की मांग सिविल सर्जन से की गई है. प्रखंड प्रमुख संजू देवी के अलावे पंचायत समिति सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने सिविल सर्जन को आवेदन देकर अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई है. दिए आवेदन में यह भी मांग की गई है कि यहां पदस्थापित चिकित्सकों को अन्यत्र प्रतिनियुक्ति पर नहीं भेजा जाए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके. जिला पार्षद पंकज कुमार शर्मा, प्रखंड प्रमुख संजू देवी, उप प्रमुख नरेश पासवान, पंचायत समिति सदस्य किरण देवी, बिनोद सहनी, बीना कुमारी महतो, जुनैद अहमद समेत कई जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से दिए गए आवेदन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों के कुल सात स्वीकृत पदों पर शीघ्र पदस्थापन करने की मांग की है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.