खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर बाजार में दुकान चलाने वाली एक महिला के साथ मारपीट एवं लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता ने गांव के ही नौ लोगों के खिलाफ पुलिस को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. मिली जानकारी के अनुसार खोदावंदपुर गांव निवासी स्वर्गीय महेंद्र महतो की पत्नी द्रोपती देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि बीती रात करीब 10 बजे वह अपनी दुकान के अंदर बैठी हुई थी. इसी दौरान गांव के दुखन महतो का पुत्र रौशन कुमार अपने आठ साथियों के साथ वहां पहुंचा. आरोप है कि सभी लोगों ने जबरन दुकान खुलवाया और गाली-गलौज करते हुए द्रोपती देवी के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान बदमाशों ने उनके गले से सोने की चकती छीन ली. साथ ही दुकान के गल्ले में रखा करीब 20 हजार रुपये नकद एवं लगभग 50 हजार रुपये मूल्य का सामान भी लूट लिया. पीड़िता ने बताया कि जब उसे बचाने के लिए उसका पुत्र संजय कुमार, संजीव कुमार, पुत्रवधू सरिता कुमारी, हिना कुमारी तथा पुत्री सीमा कुमारी पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया.घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी चार पहिया वाहन से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं दूसरी ओर स्थानीय पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.