बेमौसम बारिश से फसल क्षति का आकलन करने का निर्देश, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट

खोदावंदपुर (बेगूसराय)। खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम आयी तेज आंधी, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश से रबी फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है. जिला कृषि पदाधिकारी ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी को फसल क्षति का विस्तृत आकलन कर तीन दिनों के अंदर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है. जारी निर्देश के अनुसार कृषि विभाग से जुड़े कर्मी सभी पंचायतों में खेतों का भ्रमण कर मक्का, गेहूं, सरसों सहित अन्य रबी फसलों की क्षति का भौतिक सत्यापन करेंगे। इसके आधार पर तैयार रिपोर्ट जिला कृषि कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार फसल क्षति का मुआवजा दिलाया जा सके. गौरतलब है कि बीते 20 मार्च को सागी, दौलतपुर, बाड़ा, बरियारपुर पूर्वी, बरियारपुर पश्चिमी, फफौत खोदावन्दपुर एवं मेघौल पंचायतों में हुई बेमौसम बारिश, आंधी तूफान और ओलावृष्टि से क्षेत्र के किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है. कई किसानों ने कर्ज या अपनी जमा पूंजी लगाकर फसल तैयार की थी, जो अब बर्बाद हो गयी है, इससे किसानों में मायूसी और चिंता का माहौल है. किसानों को अब प्रशासन से जल्द सर्वे और मुआवजे की उम्मीद है, ताकि उनकी आर्थिक क्षति की कुछ भरपाई हो सके.