खोदावंदपुर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पंप संचालकों ने किया प्रदर्शन

खोदावंदपुर,बेगूसराय। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री नल जल योजना से जुड़े पंप संचालकों ने बुधवार को प्रखंड मुख्यालय में जमकर प्रदर्शन किया. प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के पंप संचालकों ने मांगें नहीं पूरी होने पर आगामी 30 मार्च से पेयजलापूर्ति कार्य ठप कर देने का अल्टीमेटम भी दिया. प्रदर्शन कर रहे पंप संचालकों इंद्रकांत मिश्र, चंदन प्रसाद सिंह, रणधीर कुमार, राजो ठाकुर, संजय कुमार, नवीन कुमार, रोहन कुमार, राम शंकर महतो, सौरभ कुमार, राजेश कुमार, विनय कुमार, प्रमोद कुमार, अनोज कुमार, अभिषेक भारती राम नारायण महतो, रवि कुमार सहित अन्य ने बताया कि वेलोग विगत वर्ष 2020 से पंप संचालन कर वार्डों में पेयजलापूर्ति करते हैं, परंतु विभाग द्वारा इस अवधि की मेंटनेंस राशि का भुगतान नहीं किया गया है, जिसके कारण उनलोगों को किसी तरह की गड़बड़ी होने पर अपने स्तर से मेंटनेंस करना पड़ता है. अधिकारी व विभाग के कर्मी कभी झांकने भी नहीं जाते. किसी तरह की गड़बड़ी होने पर उनलोगों को आमजन का कोपभाजन बनना पड़ता है.
सागी, दौलतपुर, बाड़ा, बरियारपुर पूर्वी, बरियारपुर पश्चिमी, फफौत, खोदावन्दपुर एवं मेघौल पंचायतों के पंप संचालकों ने बताया कि उनलोगों को पांच वर्ष का एग्रीमेंट था, जो मार्च में पूरा हो गया है. इसको देखते हुए उनलोगों को स्थाई कर्मी का दर्जा मिलना चाहिये. पंप संचालकों ने कहा कि यदि 29 मार्च तक उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो 30 मार्च से पंप संचालन का कार्य ठप कर पेयजलापूर्ति बंद कर देंगे, जिसकी सारी जवाबदेही विभागीय अधिकारियों एवं संवेदकों की होगी.
मुखिया के पहल पर चालू हुआ पेयजलापूर्ति का कार्य:-  खोदावंदपुर,बेगूसराय। मेघौल पंचायत के मुखिया पुरुषोत्तम सिंह के पहल पर बुधवार को पंचायत के वार्ड नंबर- 6 एवं 7 में पेयजलापूर्ति का कार्य शुरू हुआ. पेयजल मिलने से लोगों ने राहत की सांस ली. बताते चलें कि मुख्यमंत्री नल जल योजना का पाइप क्षतिग्रस्त हो जाने से मेघौल पंचायत के वार्ड नं 6 एवं 7 में विगत 24 घंटे से पेयजलापूर्ति ठप हो गया था, जिससे लोगों में पेयजल के लिए हाहाकार मचा हुआ था. इन वार्डो के कुओं व चापाकलों की स्थिति खराब रहने से लोगों को पानी किल्लत का सामना करना पड़ा. बुधवार को मुखिया की पहल पर क्षतिग्रस्त पाइप को ठीक करवाया गया, उसके बाद पेयजलापूर्ति शुरू हुई.