खोदावंदपुर,बेगूसराय। क्लस्टर फ्रंटलाइन डेमोंस्ट्रेशन के अंतर्गत सरसों की उन्नत किस्म राजेंद्र सुफलाम-1 पर कृषक प्रक्षेत्र दिवस का आयोजन मंगलवार को चेरिया बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र के कुंभी गांव में किया गया. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन्नत कृषि तकनीकों के माध्यम से तिलहन एवं अन्य फसलों की उत्पादकता बढ़ाना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना बताया गया है. इस कार्यक्रम में लगभग 100 किसानों ने भाग लिया, जिनमें अनेक प्रगतिशील किसान भी शामिल थे. कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र खोदावन्दपुर के वरीय एवं प्रधान वैज्ञानिक डॉ राम पाल ने किसानों को संबोधित करते हुए सरसों की उच्च उपज देने वाली किस्मों के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला. उन्होंने विशेष रूप से राजेंद्र सुफलाम-1 की विशेषताओं, इसकी अधिक उत्पादन क्षमता तथा इसके वैज्ञानिक पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेस के बारे में विस्तार से जानकारी किसानों को दिया. इस अवसर पर प्रगतिशील किसानों ने वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान के साथ फसल की उपज बढ़ाने से संबंधित विषयों पर सक्रिय सहभागिता के साथ संवाद किया. डॉ राम पाल ने किसानों के साथ उनके वर्तमान पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेस पर विस्तृत बातचीत की तथा उत्पादन में मौजूद गैप और विभिन्न कृषि मानकों में कमियों को चिन्हित कर उन्हें दूर करने के व्यावहारिक उपाय बतायें. उन्होंने किसानों को संतुलित उर्वरक प्रबंधन, समय पर बुवाई, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके. कार्यक्रम के अंत में किसानों ने प्रक्षेत्र का अवलोकन किया तथा वैज्ञानिकों से विभिन्न तकनीकी जानकारियाँ प्राप्त की.