खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली. तेज आंधी-तूफान एवं ओलावृष्टि के साथ शुरू हुई मुसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया. बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. अचानक बदले मौसम के कारण बाजारों में भी सन्नाटा पसर गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आयें. कई जगहों पर तेज हवा के कारण पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंचा है. वहीं इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. खेतों में तैयार दलहन एवं तिलहन की फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. सागी, दौलतपुर, बाड़ा, बरियारपुर पूर्वी, बरियारपुर पश्चिमी, फफौत, खोदावन्दपुर एवं मेघौल पंचायत के किसानों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तरह की अचानक बारिश और आंधी से दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है और सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ने की संभावना है.