समृद्धि यात्रा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बेगूसराय को 274 करोड़ की दी बड़ी सौगात, सीएम ने जीविका दीदी से भी किया संवाद

राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को बेगूसराय जिले को 274 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात दी है. अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान सीएम बेगूसराय असुरारी बियाड़ा परिसर में लगभग 2 घंटे तक रुके. इस दौरान सीएम ने सबसे पहले हेलीकॉप्टर से हैलीपेड पर उतरने के बाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भवन का जाकर निरीक्षण किया, उसके बाद बियाडा परिसर में रिमोट दबाकर 109 करोड़ की लागत से 189 योजनाओं का शिलान्यास और 165 करोड़ की लागत से 211 योजनाओं का लोकार्पण किया. इस प्रकार सीएम ने कुल 400 विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. सीएम ने बियाडा परिसर में लगे जीविका दीदी समेत 31 विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भ्रमण कर निरीक्षण किया, उसके बाद जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले में चल रहे विकास के विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया. सीएम नीतीश कुमार जैसे ही जन संवाद के मंच पर पहुंचे। उन्हें हजारों की संख्या में उपस्थित महिलाओं ने नीतीश कुमार जिंदाबाद के जोरदार नारे लगायी व तालियां बजाकर गर्म जोशी के साथ सीएम का अभिनंदन किया. सीएम नीतीश कुमार ने मंच से अपने संबोधन में कहा कि 2005 को पहली बार एनडीए की सरकार बनी, तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं. उन्होंने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा 2005 के पहले शाम होने के बाद कोई लोग घर से बाहर निकलते थे क्या? बिहार में डर और भय का माहौल कायम था. यहां सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य का क्या बुरा हाल बना हुआ था, आप सभी लोग जान ही रहे हैं. वो अपने हटने के बाद अपनी पत्नी को सीएम की कुर्सी पर बैठा दिया. वह कुछ नहीं काम किया है. सीएम ने कहा बिहार के विकास में केंद्र सरकार का विशेष सहयोग मिल रहा है. अब बिहार में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा में काफी अधिक सुधार हो गया है, आगे भी बिहार और अधिक विकास करेगा. उन्होंने बेगूसराय के विकास को लेकर कहा कि यहां राजेंद्र सेतु पुल पर सिक्स लेन सड़क पुल का निर्माण, बेगूसराय मुंगेर पुल का निर्माण, बरौनी - खगड़िया फोरलेन सड़क का निर्माण, मेडिकल कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, कर्पूरी छात्रावास, सिमरिया गंगा तट का सौंदर्यीकरण के साथ बेगूसराय बाईपास सड़क निर्माण का कार्य, तेघड़ा और बखरी सड़क का चौड़ीकरण, शाम्हों में डिग्री कॉलेज का निर्माण, कावर झील का विकास समेत कई अन्य विकास के कार्य यहां पर हो रहे हैं. बेगूसराय के 229 पंचायतो में सुधा विक्री केंद्र खोले जाएंगे. मौके पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री सुरेंद्र मेहता, गन्ना मंत्री संजय कुमार पासवान, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, चेरिया बरियारपुर विधायक अभिषेक आनंद, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, पूर्व विधायक श्रीकृष्ण सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा, नगर निगम की मेयर पिंकी देवी, बीहट नगर परिषद की मुख्य पार्षद बबीता देवी, जदयू महानगर अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, पूर्व जेडीयू जिलाध्यक्ष रुदल राय, भूमि पाल राय, जदयू नेता सह पूर्व मेयर संजय कुमार समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मंच पर उपस्थित थे. मंच का संचालन पत्रकार कुंदन कुमार ने किया.
बताते चलें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब तक अपने समृद्धि यात्रा के दौरान बेगूसराय असुरारी बियाड़ा परिसर में लगभग 2 घंटे तक अपनी यात्रा के दौरान रुके रहे, तब तक जिला प्रशासन के सारे आलाधिकारी काफी परेशान दिखें. उनका हेलीकॉप्टर शेखपुरा जिला के लिए प्रस्थान जब कर गया, तब जाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की सांस ली. खास करके बेगूसराय जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, एडीएम बृज किशोर चौधरी, एसपी मनीष, डीडीसी आकाश चौधरी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, सदर एसडीएम अनिल कुमार, सदर एसडीपीओ आनंद कुमार पांडेय, डीटीओ राजीव कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पूजा प्रीतम सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ समेत कई अन्य अधिकारी भी काफी परेशान दिखें. खास करके सीएम के सुरक्षा को लेकर चाक चौबंध व्यवस्था जिला प्रशासन के द्वारा करायी गयी थी, जब तक सीएम कार्यक्रम स्थल पर रहे, परिंदे भी पार नहीं कर पायें. इतनी अधिक उनकी सुरक्षा व्यवस्था करायी गयी थी. बेगूसराय जिला से सीएम नीतीश कुमार सकुशल शेखपुरा जिला के लिए जब अपने हेलीकॉप्टर में सवार होकर रवाना हुए, उसके बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली.