ईद को लेकर खोदावंदपुर में निकाला गया फ्लैग मार्च, प्रशासन रहा मुस्तैद

खोदावंदपुर,बेगूसराय। आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर 20 मार्च की शाम प्रशासन द्वारा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया. यह फ्लैग मार्च प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी संदीप कुमार एवं प्रभारी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया. फ्लैग मार्च की शुरुआत खोदावंदपुर थाना परिसर से हुई, जो बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच-55 होते हुए पैदल मार्च करते हुए खोदावंदपुर पोखर के समीप पहुंचा. इसके बाद पुलिस व प्रशासनिक टीम चार पहिया वाहनों पर सवार होकर सीमान चौक, सर्कल चौक, तारा चौक, फफौत पुल चौक, बरियारपुर पश्चिमी, मिर्जापुर, बाड़ा, दौलतपुर, सागी, नुरुल्लाहपुर, चलकी, तेतराही, पथराहा एवं सिरसी गांवों में फ्लैग मार्च किया. इस दौरान आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गयी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने की बात कही गयी. मौके पर पुअनि श्रवण कुमार यादव, चंद्रचुर ठाकुर सहित अन्य चौकीदार, महिला एवं पुरुष सिपाही मौजूद रहे. बताते चलें कि 21 मार्च की सुबह क्षेत्र के ईदगाहों एवं मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जाएगी, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार नजर आ रहा है.