खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र में शनिवार की सुबह ईद का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. पवित्र स्नान कर नये वस्त्र धारण किये मुसलमान भाइयों ने अपने-अपने नजदीकी ईदगाहों और मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की. नमाज के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया. प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश बिहारी वर्मा, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी संदीप कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, एसआई अंजली भारद्वाज, चंद्रचूर ठाकुर एवं एएसआई प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते रहे. उन्होंने सागी, नुरुल्लाहपुर, बाड़ा, मिर्जापुर, तेतराही, सिरसी, बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के दरगाह टोला, मटकोरा, बरियारपुर पूर्वी, फफौत, खोदावंदपुर व मेघौल सहित कई ईदगाहों और मस्जिदों का जायजा लिया. इस दौरान पंचायत प्रतिनिधि भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहे, हालांकि बेमौसम बारिश के कारण कई जगह लोगों को मस्जिदों के अंदर ही नमाज अदा करनी पड़ी, फिर भी उत्साह में कोई कमी नहीं देखी गयी. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर और हाथ मिलाकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे क्षेत्र में भाईचारे और एकता का संदेश फैल गया. ज्ञात हो कि एक माह तक चले पवित्र रमजान का समापन 20 मार्च की शाम को हुआ, जिसके बाद 21 मार्च की सुबह ईद की नमाज अदा की गयी.