खोदावंदपुर,बेगूसराय। कृषि विज्ञान केंद्र खोदावंदपुर, बेगूसराय में विगत पांच फरवरी से शुरू लौकी वर्गीय सब्जी की उन्नत खेती के संदर्भ में प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन शनिवार को किया गया. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बेगूसराय जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 36 किसानों ने भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान केविके के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ राम पाल ने लौकी में उत्पादन बढ़ाने के लिए 3 जी कटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विशेष बल दिया. वहीं वैज्ञानिक डॉ विपिन ने प्राकृतिक खेती के अंतर्गत कुकुर्बिट्स की खेती पर विशेष जोर देते हुए जीवामृत, घनजीवामृत, दशपर्णी, पंचपर्णी जैसे प्राकृतिक इनपुट के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी. प्रशिक्षण के अंतर्गत भगवानपुर प्रखंड के बनवारीपुर निवासी प्रगतिशील किसान रवि राज के जानवी मल्टी-फार्मिंग का भ्रमण भी कराया गया, जहाँ उन्होंने विभिन्न सब्जियों की नर्सरी इकाई स्थापित की है तथा आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं. किसी भी प्रकार के सब्जी पौध के लिए उनसे मोबाइल नंबर 8709006328 पर संपर्क करने की सलाह भी दी गयी. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में चेरिया बरियारपुर के प्रगतिशील किसान रामाकांत महतो, भगवानपुर प्रखंड के कैलाश महतो, कुंदन कुमार, रवि राज, राम कुमार चौरसिया, खोदावंदपुर प्रखंड की रीता कुमारी, अभिलाषा देवी और पूनम देवी, तेघड़ा प्रखंड के अजय कुमार, गौतम कुशवाहा, गौरव कुशवाहा तथा बछवाड़ा प्रखंड के चंदन कुमार सहित अन्य किसानों ने भाग लिया. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वयन डॉ एन. एन. पाटिल, एसएमएस उद्यानिकी द्वारा किया गया.