खोदावंदपुर,बेगूसराय। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर आगामी 10 फरवरी से 27 फरवरी तक फाइलेरिया उन्मूलन अभियान चलाया जायेगा. इसकी सफलता के लिए शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खोदावन्दपुर में एक दिवसीय आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण के दौरान में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक सत्यदर्शी कुमार ने सभी आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर 2 वर्ष से 15 वर्ष के आयुवर्ग के बच्चों को फाइलेरिया निवारण की गोली खिलाने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि आगामी 2030 तक फाइलेरिया रोग के उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. वहीं डब्ल्यू एच ओ मॉनिटर नीरज कुमार ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए 48 टीम बनायी गयी है, जो हर घर जाकर लोगों को दवा का सेवन करायेगी. उन्होंने बताया कि इस फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की मॉनिटरिंग के लिए 05 सुपरवाइजर भी प्रतिनियुक्त किये गये हैं. इस मौके पर प्रखंड स्वास्थ्य उत्प्रेरक वकिल मोची ने बताया कि दो साल से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रोग से ग्रसित व्यक्तियों को ये दवा नहीं खानी है. उन्होंने बताया कि हर साल फाइलेरिया प्रभावित क्षेत्र में एम. डी. ए. कार्यक्रम के तहत फाइलेरिया की रोकथाम की जाती है. उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को खाना खाने के बाद ही दवा खिलाने एवं अल्बेंडाजोल की गोली चबाकर खिलवाने का निर्देश दिया. प्रशिक्षण में बी एम सी रंजीत कुमार, आशा फैसिलिटेटर अविनिशा कुमारी, अंजू कुमारी, सुनीता कुमारी, शांति कुमारी समेत सभी आशा कार्यकर्ता शामिल थी.