खोदावंदपुर,बेगूसराय। एक युवक द्वारा अपने अपहरण की रची गयी साजिश का खुलासा हुआ है. इसकी जानकारी देते हुए अपर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि बाड़ा पंचायत के मिर्जापुर गांव स्थित वार्ड 09 निवासी राज कुमार दास के 21 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार उर्फ छोटू ने अपने अपहरण की साजिश रची थी. छोटू ने मंगलवार को दिल्ली में रह रहे अपने माता-पिता व भाई को फोन कर कहा कि तीन चार की संख्या में आए बदमाशों ने हथियार के बल पर तारा चौक के समीप से उसका अपहरण कर लिया है. बदमाश उसे चार चक्का गाड़ी में बिठाकर रोसड़ा की ओर ले गये हैं. राकेश उर्फ छोटू के अपहरण हो जाने की सूचना मिलने से परेशान उसके परिजनों ने बेगूसराय एस पी को इसकी जानकारी दी. एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंझौल एसडीपीओ को मामले की गहन जांच पड़ताल व कार्रवाई करने का निर्देश दिया. एसडीपीओ के नेतृत्व में खोदावन्दपुर पुलिस की टीम ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी. युवक के परिजनों से पूछताछ के क्रम में छोटू के समस्तीपुर जिला के रोसड़ा थाना क्षेत्र के थतिया गांव में किसी लड़की से प्रेम प्रसंग चलने की बात सामने आयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम में शामिल खोदावंदपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, एएसआई विवेक कांत शेखर के अलावे रोसड़ा पुलिस एवं छौड़ाही थाना की पुलिस भी थतिया पहुंच गयी. पुलिस ने थतिया गांव में युवक की कथित प्रेमिका के पिता को हिरासत में ले लिया, उससे पूछताछ करने पर पुलिस को युवक का कोई सुराग नहीं मिला. थतिया गांव से लौटने के बाद पुलिस की टीम ने मिर्जापुर गांव में युवक के घर के आस-पास के लोगों से पूछताछ किया. इसी दौरान पुलिस ने देखा कि युवक के घर में बिजली जल रही थी और बाहर से गेट में ताला लगा हुआ था. मामला संदिग्ध लगने पर स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पुलिस जब घर का ताला तोड़कर अंदर पहुंची तो देखा कि युवक अपने घर में सोया हुआ था. जब पुलिस द्वारा युवक से पूछताछ की गयी तो इस युवक द्वारा अपने अपहरण की झूठी साजिश रचने की बात कही गयी.