राजद नेता धर्मेन्द्र कुशवाहा ने अपने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा

खोदावंदपुर/बेगूसराय। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश सचिव एवं चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता व सकरौली गांव निवासी धर्मेन्द्र कुमार कुशवाहा ने अपने पद तथा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने यह कदम पार्टी नेतृत्व द्वारा जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ लगातार हो रही उपेक्षा के कारण उठाने की बात कही है. प्रदेश अध्यक्ष को भेजे त्याग-पत्र में उन्होंने कहा कि वे स्थापना काल से पार्टी का सक्रिय एवं समर्पित सदस्य हैं. संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए सदैव पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों एवं विचारधारा के अनुरूप कार्य किया, किंतु वर्तमान समय में जमीनी स्तर पर संघर्ष करने वाले निष्ठावान एवं समर्पित कार्यकर्ताओं की भूमिका लगातार उपेक्षित की जा रही है. वर्षों से पार्टी के लिए कार्य करने वाले कर्मठ कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर बाहरी एवं अवसरवादी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे संगठन की मूल आत्मा आहत हो रही है. कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनने एवं संवाद स्थापित करने की व्यवस्था भी कमजोर हुई है. शीर्ष नेतृत्व तक अपनी बात पहुँचाने का अवसर न मिल पाना, एक जिम्मेदार कार्यकर्ता के रूप में मेरे लिए गहरी निराशा का कारण बना है. इन परिस्थितियों में आत्म-सम्मान एवं संगठनात्मक मूल्यों के साथ कार्य करना संभव नहीं रह जाने के कारण वे प्रदेश सचिव पद एवं प्राथमिक सदस्यता से स्वेच्छा से अपना त्याग-पत्र दे रहे हैं.