खोदावंदपुर,बेगूसराय। पशुपालन विभाग के निर्देश पर पशु टीकाकरण पखवाड़ा का आयोजन किया गया. इस टीकाकरण अभियान का उद्घाटन शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र खोदावन्दपुर में वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ राम पाल एवं प्रखंड भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ चंद्रशेखर कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए प्रखंड भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के सभी आठ पंचायतों में शनिवार से पशु टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है. इस कार्यक्रम के तहत पशुओं में होने वाले खुरपका व मुंहपका बीमारी से बचाव का टीका दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि गर्भवती गाय या भैंस को टीका नहीं दिया जायेगा. साथ ही बीमार पशुओं का टीकाकरण भी नहीं होगा. डॉ कुमार ने बताया कि इस टीकाकरण अभियान से छह माह से कम आयु के पशुओं को अलग रखा जायेगा. उन्होंने बताया कि सभी पंचायतों में अलग-अलग वैक्सीनेटर की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो पशुपालकों के घर घर जाकर टीकाकरण का कार्य करेंगे. उन्होंने बताया कि आगामी 15 दिनों तक यह अभियान चलाया जायेगा. प्रत्येक दिन के टीकाकरण का लेखा-जोखा अपलोड कर विभाग के वरीय अधिकारियों को भी भेजा जायेगा.