खोदावंदपुर,बेगूसराय। कृषि विज्ञान केंद्र खोदावंदपुर, बेगूसराय परिसर में सोमवार को आत्मा परियोजना के अंतर्गत समेकित कीट प्रबंधन विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुभारंभ किया गया. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये कुल 36 किसानों ने भाग लिया है. इसकी जानकारी देते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय सह प्रधान डॉ राम पाल ने बताया कि प्रशिक्षण के प्रथम दिन डॉ राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा, समस्तीपुर के सहायक प्राध्यापक डॉ प्रमोद कुमार को विशेष आमंत्रित विशेषज्ञ के रूप में किया गया. उन्होंने खरीफ फसलों, रबी फसलों तथा सब्जी फसलों में समेकित कीट प्रबंधन के वैज्ञानिक एवं व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी. कीट वैज्ञानिक ने बताया कि प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रतिभागी किसानों के लिए एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया जायेगा, जिससे किसानों को मैदानी स्तर पर कीट प्रबंधन तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा. वहीं कार्यक्रम के अंतिम दिन प्राकृतिक खेती में समेकित कीट प्रबंधन विषय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जायेगा. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में केविके के विषय वस्तु विशेषज्ञ उद्यानिकी डॉ एन एन पाटिल हैं. बताते चलें कि इस कार्यक्रम के संचालन में केवीके के अन्य वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों का भी सक्रिय सहयोग रहा. विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों में कीट प्रबंधन के लिए वैज्ञानिक, समेकित एवं प्राकृतिक तरीकों को अपनाने पर विशेष जोर दिया, जिससे उत्पादन लागत में कमी के साथ-साथ पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकें.