मारपीट में जख्मी युवक ने तोड़ा दम, शव गांव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम, घटना बाड़ा पंचायत के पथराहा गांव की*

खोदावंदपुर,बेगूसराय। बाड़ा पंचायत के पथराहा गांव में शुक्रवार को हुई आपसी विवाद को लेकर मारपीट की घटना में जख्मी एक युवक ने इलाज के दौरान सदर अस्पताल बेगूसराय में अपना दम तोड़ दिया. शनिवार की देर शाम मृतक का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख पुकार मच गयी. मृतक पथराहा गांव के वार्ड 10 निवासी मोहम्मद यूसुफ के 35 वर्षीय पुत्र मोहम्मद जुबेर है. घटना के संदर्भ में स्थानीय लोगों ने बताया कि 30 जनवरी की सुबह में जलावन जला दिए जाने की बात को लेकर जुबेर एवं फंटूश में कहासुनी हो गयी. तभी स्थानीय लोगों ने समझा बुझाकर दोनों युवकों को अलग अलग कर दिया. उसके बाद मोहम्मद छोटन का पुत्र मोहम्मद फंटुश अपने सहयोगी मोहम्मद हसीबुल, मोहम्मद नौशाद, मोहम्मद जमशेद समेत अन्य लोगों ने मोहम्मद जुबेर को बेहरमी से पिटाई कर दिया, जिससे जुबेर गंभीर रूप से जख्मी हो गया. परिजनों ने घटना की सूचना 112 नंबर की पुलिस को दिया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने जख्मी युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खोदावन्दपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देख उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार की देर रात उसकी मौत हो गयी. नगर थाने की पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया. शनिवार की शाम शव गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुराहाल हो गया. मिली जानकारी के अनुसार मृतक को दो पत्नियां हैं, जिनमें मन्नू खातुन एवं नजनी खातुन शामिल हैं. मृतक को चार पुत्री एवं एक पुत्र हैं. पुत्रियों में रेहाना प्रवीण, साना प्रवीण, साजदा प्रवीण, राजू प्रवीण तथा पुत्र मोहम्मद जाबेद है. मृतक युवक के परिजनों ने आपसी विवाद के कारण अपने पड़ोसी मोहम्मद छोटन के पुत्र फंटुश, हसीबुल, नौशाद, जमशेद समेत अन्य पर लाठी डंडे, ईट के टुकड़े से मारपीट कर हत्या कर देने का आरोप लगाया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक अत्यंत ही गरीब परिवार से जुड़ा था. वह एक ईट भट्ठा पर ट्रैक्टर चलाकर अपना जीविकोपार्जन करता था. उसकी मौत से परिजनों पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है. इस घटना को लेकर पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.