राजेश कुमार,खोदावन्दपुर/बेगूसराय। लक्ष्य को तय कर ईमानदारी पूर्वक प्रयासरत रहने से सपने साकार होते हैं. अपने लगन और मेहनत के बूते जो कुछ भी हूँ, आपके सामने हूँ. सही मायने में यह विद्यालय राष्ट्र निर्माण का मंदिर है. यहां दृढ़संकल्प के साथ साधना करने से सपने साकार होंगे. यह बातें बीडीओ सह प्रभारी बीईओ मिथिलेश बिहारी वर्मा ने गुरुवार को कहीं. वे उत्क्रमित मध्य विद्यालय सागी उर्दू परिसर में बाल मेला के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि दृढ इच्छाशक्ति के साथ सफलता की राह में अभाव बाधक नहीं होता है. जीवन में सफलता पाने के लिए बड़े सपने देखकर उसे साकार करने के लिए ईमानदारी पूर्वक प्रयासरत रहें. अभाव सफलता के आरे नहीं आ सकता. श्रद्धा और लगन से मंजिल पाया जा सकता है. बीडीओ ने कहा कि बाल मेला के दौरान अभिभावक-शिक्षक व आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका-सहायिका के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से संगोष्ठी का आयोजन कर आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों का विद्यालय में शत-प्रतिशत नामांकन की योजना बनायी गयी. शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व प्राथमिक कक्षा के बच्चों को विद्यालयी वातावरण के अनुकूल बनाकर वर्ग प्रथम में उनका शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र वाले चिन्हित स्कूल में ही गुरुवार को बाल मेला आयोजित की गयी. इस अवसर पर प्रभारी सीडीपीओ नीतेश कुमार, शिक्षा प्रेमी मुनीब आलम, सागी पंचायत के मुखिया मोहम्मद इरशाद आलम, लेखा सहायक एजाज रसूल, प्रखंड राजद अध्यक्ष जियाउर रहमान उर्फ सैफी सहित अनेक लोगों ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन अबुलबशर ने किया. मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक अबदुलबारी, महिला पर्यवेक्षिका कामिनी कुमारी, आंगनबाड़ी सेविका बबीता कुमारी सहित अनेक लोग मौजूद थे.