खोदावंदपुर,बेगूसराय। मजदूरी का बकाया रुपया मांगना पड़ा भारी. बकाया रुपया मांगने के आलोक में बाइक छीनने का आरोप लगाकर झूठे मुकदमें में फंसाए जाने और जेल भेजे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मिली जानकारी के अनुसार समस्तीपुर जिला के हसनपुर थाना क्षेत्र के बेलौन गांव निवासी रामसागर यादव का पुत्र सिकेन्द्र कुमार एवं बेगूसराय जिला के खोदावन्दपुर थाना क्षेत्र के चलकी गांव निवासी नीतीश कुमार हरियाणा के हिसार में एकसाथ टाइल्स मिस्त्री का काम करता था. सिकन्द्र का लगभग 47 हजार रुपया नीतीश कुमार के यहां बाकी था. बकाया रुपया का भुगतान नहीं किए जाने के मामले में दो-ढाई साल में कई बार सामाजिक पंचायतें भी हुई थी. सिकंदर अपना बकाया रुपया की मांग करने अपने साथियों के साथ नीतीश कुमार के घर चलकी गांव गया था, जहां नीतीश कुमार अपने घर पर मौजूद नहीं था. सिकंदर अपने साथियों के साथ नीतीश की खोजबीन करने के लिए चलकी चौक की ओर चला गया. जहां नीतीश को बाइक से भागते देखा गया. सिकंदर ने खदेड़ कर नीतीश कुमार को पकड़ लिया और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करने पर उतारू हो गया. इतना ही नहीं सिकंदर ने अपना बकाया रुपया वसूलने की नियत से नीतीश की बाइक रख लिया. इसी घटना को लेकर नीतीश कुमार ने खोदावंदपुर थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध बाइक छीनने का आरोप लगाते हुए मामला थाना कांड संख्या- 06/2026 दर्ज करवाया, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नीतीश की बाइक को बरामद कर लिया. साथ ही घटनास्थल पर सीसीटीवी फुटेज को खंगाला. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बेलौन गांव के सिंकदर यादव एवं उनके रिश्तेदार बरियारपुर पूर्वी पंचायत के मसुराज गांव निवासी जय जयराम यादव एवं अमरजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने सिकंदर एवं उसके रिश्तेदार को न्यायिक अभिरक्षा में बुधवार को बेगूसराय भेज दिया. इसकी जानकारी थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने दी है.