राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। बुधवार को जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री द्वारा “प्रशासन गाँव की ओर” कार्यक्रम के अंतर्गत छौड़ाही प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया गया तथा जनसुनवाई कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के साथ बैठक की गई।
कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया। बैठक में विभिन्न पंचायतों के मुखिया द्वारा अपने-अपने पंचायतों से जुड़ी समस्याओं को जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा गया। इस दौरान प्रखंड प्रमुख मनोज कुमार यादव द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को सुचारू रूप से चालू कराने का अनुरोध किया गया। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा लेबर कार्ड निर्माण से संबंधित मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा आम नागरिकों के साथ जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई के दौरान आम लोगों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनसुनवाई के पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखंड स्तरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। शिक्षा विभाग की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालयों की नियमित जांच करने एवं विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति न्यूनतम 75 प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उत्क्रमित उच्च विद्यालय ऐजनी को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने हेतु आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
श्रम विभाग की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप श्रम कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को प्रत्येक माह निर्धारित तिथि पर गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित करने तथा इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर डीएम द्वारा “सात निश्चय– भाग 3” से संबंधित सभी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी गई। उन्होंने “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को सभी कार्यालयों में जनता दरबार आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु अनावश्यक भटकाव न करना पड़े। साथ ही आम नागरिकों के लिए बैठने की व्यवस्था एवं शुद्ध पेयजल की सुविधा सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक पंचायत में दो हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (HWC) के लक्ष्य के विरुद्ध बेगूसराय जिले की 217 पंचायतों में कुल 501 HWC संचालित हैं।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त बेगूसराय, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी मंझौल प्रमोद कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी छौड़ाही कृष्ण कुमार, अंचल अधिकारी छौड़ाही चन्द्र प्रकाश पाण्डेय सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।