खोदावंदपुर,बेगूसराय। भारतीय गणतंत्र की 77वें वर्ष पूरा होने के मौके पर सोमवार को गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन उल्लास के साथ किया गया. इस मौके पर सरस्वती पब्लिक स्कूल बरियारपुर पूर्वी, सरस्वती बाल संस्कार शाला सह शिक्षण संस्थान बरियारपुर पश्चिमी एवं आइडियल प्रेप पब्लिक स्कूल बरियारपुर पूर्वी के बच्चों ने प्रभातफेरी निकाली और लोगों को भारतीय गणतंत्र की महत्ता की याद दिलाई. इस अवसर पर सीडी फोर्ट पब्लिक स्कूल नारायणपुर, उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुसहरी सहित अन्य विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया. गणतंत्र दिवस के मौके पर आर के पी बुद्धा एकेडमी तारा बरियारपुर, एल एस डी इण्टरनेशनल स्कूल मेघौल के बच्चों ने आकर्षक रंगोली बनाकर लोगों का मन मोह लिया. सी डी फोर्ट पब्लिक स्कूल नारायणपुर में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में बोलते हुए स्कूल के निदेशक एस के सिंह ने बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि बड़ी शहादत के बाद देश ने आजादी पायी है. आज देश की सुरक्षा में दिन रात सजग सुरक्षा बलों के बदौलत ही हम भारतीय अमन चैन की जिंदगी जी रहे हैं. हमें आजादी को बनाए रखने के लिए देश के प्रति सम्मान का भाव जगाने की जरूरत है. हमें देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने की जरूरत है. वहीं आर के पी बुद्धा एकेडमी तारा बरियारपुर में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में बोलते हुए स्कूल के निदेशक डॉ एन के सिंह ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के कंधे से कंधे मिलाकर कार्य कर रही हैं. उन्होंने बताया कि उनके स्कूल में बालिकाओं की शिक्षा शुल्क में कटौती कर उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है.श्री सिंह ने कहा कि उनके स्कूल में अब स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से पढ़ाई की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें खेल-खेल के माध्यम से बच्चे पढ़ाई कर सकेंगे. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य बच्चों में सर्वांगीण विकास करना है, इसके लिए पाठ्यक्रम के अलावे बच्चों को कला, संगीत की शिक्षा भी दी जा रही है. इस मौके पर सैकड़ों अभिभावक मौजूद थे.