पंचायत करना सरपंच को पड़ा महंगा, आरोपियों ने दुकान पर पहुंचकर किया जानलेवा हमला* *सरपंच ने थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी, गांव में चर्चा का विषय बनी घटना*

खोदावंदपुर,बेगूसराय। पंचायत कर न्याय दिलाना एक सरपंच को उस समय महंगा पड़ गया जब आरोपित पक्ष के लोगों ने सरपंच के दुकान पर पहुंचकर लाठी-डंडे एवं लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया. घटना में सरपंच गंभीर रूप से घायल हो गये. मामले को लेकर चेरिया बरियारपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है तथा लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार सकरबासा पंचायत के वर्तमान सरपंच श्यामल कुमार पासवान के पास बरियारपुर पश्चिमी गांव के एक किराएदार शिकायत लेकर पहुंचे थे कि सकरबासा गांव का अंशु कुमार ने एक लड़की का आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है तथा अभद्र टिप्पणी भी कर रहा है. शिकायत मिलने के बाद सरपंच ने पंचायत स्तर पर मामले को शांत कराने एवं युवक को समझाने का प्रयास किया. बताया जाता है कि सरपंच द्वारा फोटो वायरल करने से मना करने और समझाने की बात आरोपी युवक को नागवार गुजर गई. आरोप है कि इसके बाद युवक अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अचानक सरपंच की दुकान पर पहुंच गया और गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया. आरोपियों ने लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से सरपंच एवं उनके परिजनों के साथ मारपीट की. हमले में सरपंच घायल हो गये. आसपास के लोगों के जुटने के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ. पीड़ित सरपंच ने चेरिया बरियारपुर थाना में आवेदन देकर गांव के ही प्रदीप दास का पुत्र अंशु कुमार, राजा कुमार व पत्नी कविता देवी एवं गणेशी दास का पुत्र दिलीप दास उर्फ मुन्ना समेत अन्य लोगों को आरोपित बनाया है. थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर कांड संख्या- 83/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि जब गांव में न्याय करने वाले जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बसु ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
वहीं दूसरी ओर घटना के दो दिन बाद ही सकरबासा गांव के ही एक युवती ने ग्राम कचहरी के सरपंच श्यामल कुमार पासवान, रणवीर कुमार, भिखर पासवान, दो नाबालिग बच्चे समेत अन्य के विरुद्ध नामजद गाली-गलौज, मारपीट, जेवरात गायब करने एवं छेड़खानी करने तथा धमकी देने का झूठा मुकदमा थाना कांड संख्या- 86/026 दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.