वट सावित्री पर नवविवाहिताओं ने की वट वृक्ष की विशेष पूजा अर्चना

खोदावंदपुर,बेगूसराय। वट सावित्री पर्व के अवसर पर शनिवार को नवविवाहिताओं एवं सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा एवं आस्था के साथ वट वृक्ष की पूजा-अर्चना की. पति की लंबी उम्र एवं सुख-समृद्धि की कामना को लेकर महिलाओं ने दिनभर निर्जला उपवास रखकर विधि-विधान से पूजा की. सागी, दौलतपुर, बाड़ा, बरियारपुर पूर्वी, बरियारपुर पश्चिमी, फफौत, खोदावन्दपुर एवं मेघौल पंचायतों के विभिन्न टोले मुहल्ले में व्रत करने वाली महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर धागा बांधा तथा ईश्वर से अपने पति के दीर्घायु होने की प्रार्थना की. इस दौरान महिलाओं द्वारा गाए गए मंगल गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. वट सावित्री पर्व को लेकर बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला. फलों, पूजा सामग्री एवं श्रृंगार प्रसाधनों की दुकानों पर सुबह से ही महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही. ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया.