खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर पूर्वी पंचायत अंतर्गत योगीडिह गांव के वार्ड 13 निवासी रामकुमार यादव के 18 वर्षीय पुत्र इंदल कुमार का शव उत्तर प्रदेश के ईटावा में फंदे से लटका मिला. 19 मई की सुबह जैसे ही मृतक का शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की मां पवन देवी एवं दादी मसोमात कौशल्या देवी, बहन रामकली देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जाता है कि एक बहन और चार भाईयों में चौथे स्थान पर था इंदल कुमार. उसके बड़े भाई अमरेश यादव, मंझले भाई रौशन कुमार व रुपेश कुमार शामिल हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर बतायी जा रही है और मजदूरी एवं खेती के सहारे किसी तरह जीविकोपार्जन होता है. परिजनों ने बताया कि इंदल पहली बार अपने मंझले भाई के साथ मजदूरी करने उत्तर प्रदेश गया था. उसका बड़ा भाई अमरेश यादव भी कुछ दूरी पर स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है. बताते चलें कि इंदल पिछले करीब पांच माह से ईंट भट्ठे पर रहकर मजदूरी कर रहा था. यह घटना 17 मई की शाम ईटावा के घिरोर जनपद मैनपुरी थाना क्षेत्र की बतायी जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार इंदल ने पेट खराब होने की बात कहकर घर जाने की इच्छा जताई थी. इस पर उसके मंझले भाई एवं फॉरमैन ने कहा कि लगभग दस दिन में भट्ठा बंद होने वाला है, उसके बाद हिसाब कर सभी लोग घर लौट जाएंगे. बताया जाता है कि इसी बात से नाराज होकर इंदल अपने एक दोस्त के साथ शौच के लिए निकला. कुछ देर बाद उसका दोस्त वापस भट्ठे पर लौट आया, जबकि इंदल ने थोड़ी देर में आने की बात कही. जब देर शाम तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों एवं साथियों ने उसकी खोजबीन शुरू की. बाद में ईंट भट्ठे से करीब 300 मीटर दूरी पर स्थित आम के बगीचे में गमछे के सहारे फंदे से लटका उसका शव बरामद किया गया. घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. मंगलवार की सुबह एम्बुलेंस से मृतक मजदूर का शव ईटावा से योगीडिह गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख पुकार मच गयी. मृत युवक के शव का अंतिम दाह संस्कार बूढ़ी गंडक नदी के मिर्जापुर घाट में कर दिया गया. इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.