खोदावंदपुर,बेगूसराय। बाड़ा पंचायत के मिर्जापुर गांव स्थित हिन्द मेडिकल हॉल परिसर में मंगलवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में क्षेत्र के 200 से अधिक गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया. शिविर में बुजुर्ग, महिलाएं, युवा समेत हर आयु वर्ग के लोगों की जांच की गई. लगभग 80 वर्ष तक के बुजुर्ग मरीज भी जांच कराने पहुंचे. शिविर में चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर निःशुल्क परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया. चेस्ट एवं क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ नौशाद आलम ने सांस फूलना, दमा, फेफड़ों का संक्रमण एवं निमोनिया जैसी बीमारियों की जांच कर उचित सलाह दी. वहीं फिजिशियन एवं डायबिटोलॉजिस्ट डॉ मोतीउर रहमान ने मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं अन्य सामान्य रोगों से पीड़ित मरीजों का इलाज किया. रेडियो डायग्नोसिस विशेषज्ञ डॉ मलका परवीन ने विभिन्न जांच संबंधी परामर्श देकर मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी. शिविर में मरीजों का बीपी एवं शुगर टेस्ट पूरी तरह निःशुल्क किया गया. जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त नेबुलाइजेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई. जांच एवं परामर्श के बाद सभी मरीजों के बीच मुफ्त दवाओं का वितरण किया गया, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिली. इस अवसर पर ऐजनी ग्राम कचहरी के सरपंच अजमत अली विशेष रूप से मौजूद रहे. बताया गया कि वे पिछले 22 वर्षों से चिकित्सा सेवा एवं समाज सेवा के कार्यों से जुड़े हुए हैं तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं. उनके सामाजिक योगदान की स्थानीय लोगों ने सराहना की. कार्यक्रम के दौरान प्रधान शिक्षक मोहम्मद आजाद ने लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समय पर इलाज कराने के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं. शिविर के सफल आयोजन में मोहम्मद सज्जाद, मोनाजिर हसन, आमिर अली, मोहम्मद सूफियान, मोहम्मद इम्तियाज, मोहम्मद शाहवाज एवं मोहम्मद शौकत उर्फ मस्तान समेत कई स्थानीय लोगों की सराहनीय भूमिका रही. आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं गरीब लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि जरूरतमंदों को समय पर उचित इलाज एवं दवाएं मिल सकें. स्थानीय लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना करते हुए डॉक्टरों, आयोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया.