खोदावंदपुर,बेगूसराय। बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड संख्या- 10, 11 एवं 12 में पिछले एक पखवाड़े से बंद पड़ी मुख्यमंत्री नल-जल योजना को पुनः चालू करने की दिशा में रविवार को कार्य शुरू कर दिया गया.चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के पूर्व प्रत्याशी डॉ मृत्युंजय कुमार की पहल पर पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता की निगरानी में तकनीकी गड़बड़ियों को दूर करने का कार्य प्रारंभ हुआ. ग्रामीणों के अनुसार योजना में खराबी आने के कारण वार्ड संख्या 10, 11 और 12 में पिछले लगभग 15 दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप थी. भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. बरियारपुर पश्चिमी ग्राम कचहरी के सरपंच नवीन प्रसाद यादव, वार्ड सदस्य चन्द्रशेखर चौधरी, गोपाल गुप्ता, वर्मा पासवान सहित ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा था. इसके बाद जन सुराज नेता डॉ मृत्युंजय कुमार को मामले से अवगत कराया गया, जिनके हस्तक्षेप के बाद विभाग हरकत में आया और मरम्मत कार्य शुरू कराया गया. ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि तकनीकी खराबी दूर होते ही रविवार देर शाम तक जलापूर्ति बहाल हो जाएगी. कार्य शुरू होने से प्रभावित वार्डों के लोगों ने राहत की सांस ली है. इस अवसर पर डॉ मृत्युंजय कुमार ने कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जागरूक और सक्रिय होना होगा. उन्होंने कहा कि जब तक लोग अपनी समस्याओं को लेकर आगे नहीं आएंगे, तब तक उनका प्रभावी समाधान संभव नहीं है. मौके पर अधिवक्ता रंधीर कुमार वर्मा, ग्रामीण अजय कुमार, कृष्ण मोहन कुमार, संतोष कुमार समेत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित थे.