खोदावन्दपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए साढ़े 47 लीटर देशी शराब के साथ तीन धंधेबाज युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने शराब को जब्त कर तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में शुक्रवार को भेज दिया है. मिली जानकारी के अनुसार खोदावंदपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ई-रिक्शा के माध्यम से अवैध देशी शराब की खेप ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रखंड मुख्यालय चौक के समीप छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने एक ई-रिक्शा को रोककर तलाशी ली, जहां एक गैलन में भरी करीब साढ़े 47 लीटर देशी शराब बरामद की गई. मौके से पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सागी पंचायत के नुरुल्लाहपुर गांव स्थित वार्ड 04 निवासी अवधेश रजक के पुत्र मनीष कुमार, फफौत पंचायत अंतर्गत तारा गांव के वार्ड 09 निवासी संतोष कुमार के पुत्र रक्षित कुमार तथा चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव के वार्ड 02 निवासी स्वर्गीय ईश्वर सहनी के पुत्र संयोगी सहनी के रूप में की गई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है तथा तीनों आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. आवश्यक पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में बेगूसराय भेज दिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से शराब धंधेबाजों में हड़कंप मचा हुआ है.वहीं थाना क्षेत्र में अवैध शराब धंधेबाज के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जाने की बात भी पुलिस द्वारा कही गई है.