खोदावंदपुर, बेगूसराय। बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच-55 मुख्य पर खोदावन्दपुर पोखर के समीप शनिवार को साईकिल सवार बच्चा को बचाने के कारण बाइक चालक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. जख्मी बाइक चालक  की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना अंतर्गत बोरिया गांव के वार्ड 08 निवासी अजय कुमार महतो के पुत्र निखिल कुमार के रूप में की गई है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि निखिल कुमार अपनी बाइक से खोदावंदपुर की ओर जा रहा था. तभी एक बच्चा साईकिल से सड़क पार कर रहा था, जिसके कारण बाइक का संतुलन बिगड़ जाने से बाइक चालक गिरकर जख्मी हो गया, जबकि साइकिल सवार बच्चा मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया. दुर्घटना में निखिल कुमार की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है. सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.