अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम *घटना एस एच 55 पर बरियारपुर पश्चिमी गांव के समीप की*

खोदावन्दपुर/बेगूसराय। सोमवार की देर रात बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच-55 पर बरियारपुर पश्चिमी गांव के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.मृतक बाइक सवार की पहचान बाड़ा पंचायत के मिर्जापुर गांव स्थित वार्ड 09 निवासी मिंकू दास के 21 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में की गयी. प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित कुमार तारा चौक के निकट कुछ सामग्री लेकर बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान बेगूसराय से रोसड़ा की ओर तेज गति से जा रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावन्दपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे रात में ही पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया. बताया जाता है कि रोहित कुमार दो भाइयों और तीन बहनों में दूसरे स्थान पर था. जवान बेटे की मौत से मां रिंकू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं बहनें निशा कुमारी, नेहा कुमारी और स्नेहा कुमारी अपने भाई की मौत से दहाड़ मारकर रो रही थी. तथा उसके छोटे भाई अंकित कुमार के आंखों में भी आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा था. इस हृदय विदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी.