खोदावंदपुर, बेगूसराय। उत्क्रमित मध्य विद्यालय मेघौल कन्या में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया. प्रभारी प्रधानाध्यापिका इंद्राणी कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में बच्चों को भावनात्मक तरीके से शिक्षा देने तथा उनके मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण पर विशेष चर्चा की गयी. गोष्ठी के दौरान अभिभावकों को आगामी 1 जून से 20 जून तक विद्यालय में आयोजित होने वाले समर कैंप की जानकारी दी गयी. शिक्षकों ने अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे अपने कमजोर बच्चों को इस शिविर में अवश्य भेजें, ताकि उनकी शैक्षणिक कमजोरियों को दूर किया जा सके. इस अवसर पर वरीय शिक्षक अवनीश कुमार वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक एवं अभिभावक बच्चों से स्नेहपूर्ण व्यवहार करें, उनकी भावनाओं को समझें और उन्हें सकारात्मक वातावरण प्रदान करें. श्री वर्मा ने बताया कि पंचम एवं षष्ठ वर्ग के कमजोर विद्यार्थियों को समर कैंप के माध्यम से अतिरिक्त शैक्षणिक सहायता प्रदान की जायेगी. इसके लिए मेघौल गांव की छात्राएं अंचला भारती, अंकिता भारती एवं जया भारती को जिम्मेदारी सौंपी गयी है. वे पांचवीं कक्षा के 10 तथा छठी कक्षा के 15 कमजोर विद्यार्थियों को पढ़ाकर उनकी शैक्षणिक दक्षता बढ़ाने का प्रयास करेंगी. समर कैंप के सफल संचालन के लिए प्रभारी प्रधानाध्यापिका इंद्राणी कुमारी ने आवश्यक शैक्षणिक सामग्री जैसे डस्टर, खड़िया, रजिस्टर एवं कलम उपलब्ध कराते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि कैंप के संचालन में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर विद्यालय प्रशासन हरसंभव सहायता करेगा तथा छात्र-छात्राओं के हित में यह अभियान पूरी प्रतिबद्धता के साथ चलाया जायेगा. गोष्ठी में शिक्षक अंकित मिश्रा, चंद्रभूषण, कुमारी नीतू, संगीता कुमारी, पूनम कुमारी, मिंटू कुमारी सहित कई अभिभावक उपस्थित थे.