खोदावंदपुर,बेगूसराय। खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में उप कारा (सब-जेल) निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है. उप कारा निर्माण के लिए खोदावंदपुर अंचल अंतर्गत फफौत मौजा में करीब 21 एकड़ सरकारी जमीन चिन्हित की गई है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने उक्त जमीन के निःशुल्क अन्तर्विभागीय स्थायी हस्तांतरण की स्वीकृति गृह विभाग को प्रदान कर दी है. विभागीय स्तर पर स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है. मिली जानकारी के अनुसार राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा जारी पत्र में खोदावंदपुर अंचल क्षेत्र के मौजा फफौत, थाना संख्या- 82, खाता संख्या- 395 तथा खेसरा संख्या- 1154 स्थित गैर मजरूआ खास परती करीम जमीन को उप कारा निर्माण हेतु गृह विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई है. यह जमीन वर्षों से खाली और वीरान पड़ी हुई थी. अब यहां सरकारी निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है.
बताया जाता है कि प्रस्तावित उप कारा के निर्माण से न सिर्फ प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलेगी. उप कारा बनने से क्षेत्र में सड़क, बिजली, जलापूर्ति सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने की संभावना है. साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर भी उपलब्ध हो सकते हैं. फफौत पंचायत के चकवा गांव सहित आसपास के ग्रामीणों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया है. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से उपेक्षित पड़े इस इलाके में सरकारी संस्थान बनने से क्षेत्र की पहचान बढ़ेगी तथा आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी. लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में यहां अन्य सरकारी कार्यालय एवं सुविधाएं भी विकसित होंगी. स्थानीय बुद्धिजीवियों का मानना है कि उप कारा बनने से बेगूसराय जिले के प्रशासनिक ढांचे को मजबूती मिलेगी. साथ ही न्यायिक एवं सुरक्षा व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी. फिलहाल विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद लोगों की नजर अब निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी हुई है.