जिसने वक्त की कद्र की, वक्त ने उसे संवारा: इम्तियाज अहमद करीमी *मैट्रिक व इंटर में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान* *'ग्राम गौरव प्रतिभा सम्मान’ पाकर खुशी से झूम उठे विद्यार्थी*

खोदावंदपुर/बेगूसराय। “जिसने वक्त की कद्र की, वक्त ने उसे संवारा और निखरने का अवसर प्रदान किया.” यह प्रेरणादायी बात बिहार लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष इम्तियाज अहमद करीमी ने शनिवार की शाम सागी पंचायत के नुरूल्लाहपुर गांव में आयोजित सम्मान समारोह में कही. कार्यक्रम का आयोजन मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में किया गया था. मुख्य अतिथि इम्तियाज अहमद करीमी ने कहा कि मोबाइल फोन जहां एक ओर सुविधा देता है, वहीं उसका दुरुपयोग विद्यार्थियों के भविष्य को नुकसान भी पहुंचा सकता है. उन्होंने कहा कि बच्चे अपनी मेहनत और अनुशासन के बल पर अपनी तकदीर बदल सकते हैं. सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अध्ययन, लक्ष्य के प्रति समर्पण तथा समय का सदुपयोग बेहद जरूरी है. उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर तकनीकी जानकारी भी दी, साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के साथ दोस्ताना रिश्ता रखें और उन पर नजर बनाए रखें, ताकि बच्चे गलत रास्ते पर न भटकें. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विज्ञान एवं प्रावैद्यिकी विभाग के उप सचिव शाहनवाज अहमद नियाजी ने कहा कि ईमानदारी पूर्वक मेहनत करने वाला व्यक्ति निश्चित रूप से सफलता हासिल करता है. उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि अभाव कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकता. वहीं डॉ उमर अब्दाली ने कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर साधना से सपने साकार होते हैं. ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों को उचित मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं. इस अवसर पर मुफ्ती अब्दुलवदूद ने विद्यार्थियों से समय की कद्र करते हुए संयमित जीवन और नियमित पढ़ाई की अपील की.          कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद अब्दुल्लाह ने किया.
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, इसके बाद आर वाई आर एजुकेशनल एंड वेल्फेयर सोसाइटीज के सदस्यों द्वारा अतिथियों को पाग, चादर, माला, मोमेंटो, बुके एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया. इसके बाद मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सागी पंचायत के 24 छात्र-छात्राओं को मोमेंटो, मेडल तथा “ग्राम गौरव प्रतिभा सम्मान-2026” प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मान पाकर छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखा गया.
संस्था द्वारा इस वर्ष का “रहनुमा-ए-कौम अवार्ड” इम्तियाज अहमद करीमी को, “मेमार-ए-कौम अवार्ड” शाहनवाज अहमद नियाजी, प्रोफेसर उमर अब्दाली एवं मुफ्ती अब्दुलवदूद को तथा “निशान-ए-उर्दू अवार्ड” अल्पसंख्यक जिला शिक्षक संघ के सचिव मोबीन अख्तर एवं अनवार अहमद रहमानी को प्रदान किया गया. मौके पर अरविंद कुमार, मोहम्मद दाऊद, सागी पंचायत के मुखिया इरशाद आलम, पंचायत समिति सदस्य जुनैद अहमद राजू, मोहम्मद ईसा कलीम, तौकीर आलम, मकीन अहमद, मुनीब आलम, बेलाल अहमद, डॉ एजाजुर्रहमान, हुसामुद्दीन, महबूब आलम, अब्दुलबारी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे.