अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी

खोदावंदपुर,बेगूसराय। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जख्मी युवक की पहचान समस्तीपुर जिला के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के मालपुर निवासी रामानंद सिंह के 30 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार के रूप में की गई है. यह सड़क हादसा शनिवार की अहले सुबह तारा-नरहन मुख्य पथ पर महना बांध चौक के समीप हुआ. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावन्दपुर पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया. घायल युवक ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर से अपनी ससुराल मुसहरी गांव जा रहा था. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार वाहन से बचने के क्रम में उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकरायी. हलांकि पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी है.