खोदावंदपुर, बेगूसराय। राजकीयकृत मध्य विद्यालय खोदावंदपुर में पदस्थापित विशिष्ट शिक्षिका पूनम कुमारी द्वारा जिला प्रशासन के आदेश का पालन नहीं किए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. मिली जानकारी के अनुसार जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय स्थापना शाखा द्वारा 30 मार्च 2026 को जारी आदेश पत्र के तहत मध्य विद्यालय खोदावंदपुर की दो शिक्षिकाओं का प्रतिनियोजन अन्य विद्यालयों में किया गया था. आदेश के अनुसार शिक्षिका पूनम कुमारी को प्राथमिक विद्यालय ठाकुरवाड़ी बरियारपुर पूर्वी में तथा शिक्षिका रूबी खान को प्राथमिक विद्यालय योगीडिह दक्षिण में प्रतिनियुक्त किया गया था. बताया जाता है कि शिक्षिका रूबी खान ने अपने नए विद्यालय में योगदान दे दिया है. वहीं दूसरी ओर शिक्षिका पूनम कुमारी द्वारा अब तक प्रतिनियुक्त विद्यालय में योगदान नहीं किए जाने की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है. स्थानीय लोगों के बीच यह मामला चौक-चौराहों पर चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग प्रशासनिक आदेशों के अनुपालन को लेकर सवाल उठा रहे हैं, हालांकि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.