खोदावंदपुर/बेगूसराय। चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं नास्या के प्रदेश सचिव डॉ एस कुमार ने हाल ही में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर राज्य में आयुष स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं. मुलाकात के दौरान डॉ कुमार ने बेगूसराय जिले में आयुष यूनिवर्सिटी की स्थापना, बिहार में बंद पड़े आयुर्वेद मेडिकल कॉलेजों को पुनः चालू करने तथा राष्ट्रीय बाल सुरक्षा मिशन के विज्ञापन संख्या- 5/2025 के तहत दूसरी मेरिट सूची जारी करने की मांग रखी. राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने इन मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर जानकारी भी ली. उन्होंने दरभंगा, भागलपुर एवं बक्सर स्थित आयुर्वेद मेडिकल कॉलेजों को शीघ्र चालू कराने का आश्वासन दिया, साथ ही बेगूसराय में आयुष यूनिवर्सिटी स्थापना के संदर्भ में जमीन की स्थिति की जांच कर प्रक्रिया शुरू करने की बात कही. डॉ एस कुमार ने बताया कि राज्यपाल ने उनकी मांगों को गंभीरता से लिया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि जल्द ही इस दिशा में ठोस पहल की जायेगी. इस अवसर पर डॉ कुमार ने राज्यपाल को मांग पत्र एवं आयुर्वेद सर्जरी से संबंधित पुस्तक भेंट की. मौके पर डॉ रवि शाक्य एवं डॉ कृष्ण गोपाल भी उपस्थित थे.