उप निदेशक उर्मिला कुमारी ने श्री दुर्गा प्लस टू विद्यालय मेघौल का किया निरीक्षण, मॉडल स्कूल मानकों पर जताया संतोष

खोदावंदपुर/बेगूसराय। शिक्षा विभाग की उप निदेशक उर्मिला कुमारी ने शनिवार को श्री दुर्गा प्लस टू विद्यालय मेघौल का निरीक्षण किया। मॉडल स्कूल के रूप में चयनित इस शिक्षण संस्थान में उन्होंने शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। पटना से पहुंची उप निदेशक ने विद्यालय परिसर, वर्ग कक्ष, पेयजल, शौचालय, बिजली व्यवस्था, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लास तथा कंप्यूटर कक्ष का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह संस्थान मॉडल विद्यालय के मानकों पर खरा उतर रहा है। साथ ही शिक्षकों को इसे ‘ए ग्रेड’ श्रेणी में लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे मॉडल विद्यालय के लिए उपयुक्त बताया। इस दौरान अभिभावकों ने नवम वर्ग में नामांकन को लेकर हो रही समस्या से उप निदेशक को अवगत कराया। अभिभावकों ने बताया कि मेघौल और खोदावंदपुर पंचायत के सैकड़ों छात्र-छात्राएं इस विद्यालय में नामांकन कराना चाहते हैं, लेकिन विभागीय निर्देश के कारण केवल मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों का ही नामांकन लिया जा रहा है। इसकी जानकारी देते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक मधुसूदन पासवान ने बताया कि विभाग द्वारा केवल 164 मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण छात्रों के नामांकन की अनुमति दी गई है। मौके पर शिक्षक दिलीप कुमार, घनश्याम कुमार, सुमित कुमार, रानी कुमारी, बिनोद पासवान समेत अन्य मौजूद थे।