छात्रों को मेहनत, धैर्य और संकल्प के साथ आगे बढ़ना जरूरी: विधायक, फफौत के उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित

खोदावंदपुर, बेगूसराय: खोदावन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के फफौत पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय चकयद्दु मालपुर में शनिवार को अतिथि सम्मान सह प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभाकर नवीन ने की, जबकि संचालन शिक्षक पवन कुमार एवं रविश कुमार ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि चेरिया बरियारपुर विधायक अभिषेक आनंद, बीडीओ सह प्रभारी बीईओ मिथिलेश बिहारी वर्मा, पूर्व मुखिया अनिल कुमार, राजेंद्र वर्मा, समाजसेवी जयदेव कुमार सिंटू, नवीन कुमार छोटू, राजीव कुशवाहा, भोला जी एवं नवीन कुमार झुना सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक तेज नारायण यादव ने अपने संबोधन में विद्यालय की समस्याओं को रखते हुए बताया कि यह उच्च माध्यमिक विद्यालय भवनविहीन है और यहां कक्षाओं की भारी कमी है. लगभग एक हजार छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, लेकिन पर्याप्त कमरे नहीं हैं. उन्होंने विद्यालय के लिए भवन, चहारदीवारी एवं पुस्तकालय की स्थापना की मांग की.
कार्यक्रम की शुरुआत नवम वर्ग की छात्रा पूनम कुमारी द्वारा स्वागत गीत से हुई. विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों का मिथिला परंपरा के अनुसार पाग, चादर एवं बुके देकर स्वागत किया गया. वहीं बीडीओ ने कहा कि यह सम्मान केवल खुशी का अवसर नहीं, बल्कि आगे और बेहतर करने के लिए प्रेरणा है. उन्होंने छात्रों को प्रखंड, जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया. इस अवसर पर स्थानीय विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है, ऐसे में छात्रों को मेहनत, धैर्य और संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिये. उन्होंने कहा कि असफलता ही सफलता की कुंजी है और सीखने की कोई उम्र नहीं होती, साथ ही विद्यालय भवन निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. समारोह में मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चंदेश कुमार, दिलदार कुमार, रोशनी खातून, अंकित कुमार, विक्रम कुमार, हंसराज, राजलक्ष्मी कुमारी, मुस्कान कुमारी, अमृता कुमारी, तृष्णा कुमारी सहित दर्जनों मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति-पत्र, डायरी एवं कलम देकर सम्मानित किया गया. समारोह में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष मोहम्मद सुभान, शिक्षक मनोज कुमार, समाजसेवी शिवकुमार शिव, छात्रा सबनम कुमारी सहित अनेक ग्रामीण व अभिभावक मौजूद थे.